खुखुंदू/भटनी। खुखुंदू और भटनी थानाक्षेत्र के आठ गांवों में लगी आग से सैकड़ों एकड़ फसल जलकर राख हो गई। मौके पर पहुंची फायर सर्विस पर गुस्साए लोगों ने हमला बोल दिया। एएसपी शिष्यपाल ने मयफोर्स मौके पर पहुंचकर जांच की। खुखुंदू पुलिस ने मामूली विवाद की बात स्वीकार की है।
खुखुंदू के शाहपुर गांव में शनिवार की शाम चार बजे अचानक गेहूं के खेत से आग की लपट उठी। हवा का रुख तेज होने से आग तेजी से बढ़ती गई। स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस को सूचना देते हुए आग बुझाना शुरू किया। तेज लपटों के साथ आग बढ़ते हुए सुविखर, मोतीपुर, बैरौना, मुंडेरा खुर्द और टड़वा ताल में पहुंच गई। अगल-बगल गांव के लोग जगह-जगह पंपिंग सेट चालू कर आग बुझाने का प्रयास करते रहे। स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच आग बुझाने में जुट गई। आग से किसानों की सैकड़ों एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। खुखुंदू इंस्पेक्टर श्यामलाल यादव ने बताया कि तकरीबन दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं, भटनी के पुरनाछापर और बेलवा बाबू गांव में शनिवार शाम को विद्युत शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे करीब दस बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। गांववालों के काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। लोगों ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है। शनिवार शाम पांच बजे पुरनाछापर गांव निवासी शेषनाथ मिश्र के खेत में विद्युत शॉर्ट सर्किट से लगी आग से धनेश प्रजापति, बीरबली, रामअवध शर्मा, बेलवा बाबू के किसान केशव शाही, नारायण गोड़ के खेत में खड़ी फसल जल गई।
फायर ब्रिगेड के चालक पर हमला
खुखुंदू। आग बुझाने के लिए देर से पहुंची फायर ब्रिगेड की छोटी गाड़ी को देखक मुंडेरा रखुर्द गांव के लोग आक्रोशित हो गए। चालक सहित तीन कर्मियों को दौड़ा लिया। लोगों का आरोप था कि भीषण अगलगी की घटना में छोटी गाड़ी आग बुझाने के लिए देरी से भेजी गई है। फायर ब्रिगेड वाहन पर पथराव की भी चर्चा रही। हालांकि, पुलिस ने इससे इंकार किया। किसानों का कहना है कि सब लोग आग बुझाने में लगे थे। कुछ अराजकतत्वों ने इस तरह की घटना को अंजाम दिया है। आग बुझाते समय लपट तेज होने से इंस्पेक्टर श्यामलाल यादव, दीवान विक्रमादित्य चोटिल हो गए, जबकि हमले में चालक दीपक कुमार, शुभ नारायण, रविंद्र पाठक को चोट आई। एएसपी शिष्यपाल सिंह ने भी घटना स्थल और थाने पहुंच कर मामले की तहकीकात की। इंस्पेक्टर श्यामलाल यादव ने बताया कि हमले में घायल फायर ब्रिगेड टीम के सदस्यों का मेडिकल कराकर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।