सिपाही हरिकेश प्रसाद की मौत की सूचना पर बदहवास परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
बनकटा। बुधवार की देर रात एक सिपाही की तबियत अचानक खराब हुई। पेट में तेज दर्द की शिकायत होने पर परिजनों ने पीएचसी पर ले गए। हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। देर रात सिपाही की मौत हो गई। बनकटा थानाक्षेत्र के गौरा गांव निवासी निवासी हरिकेश प्रसाद सिपाही थे। उनकी तैनाती श्रावस्ती जिले में थी।
दो दिन पहले वह छुट्टी लेकर घर आए थे। बुधवार की रात भोजन करने के बाद पूरा परिवार सोने चला गया। रात 11 बजे के करीब हरिकेश प्रसाद की तबियत खराब हुई। उसके पेट में तेज दर्द और उल्टी होने लगी। जानकारी होते ही लोग घर के लोग उसे आनन फानन में लेकर पीएचसी पर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद कोई सुधार नहीं हुआ। हालत गंभीर होने पर डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
रात तीन बजे के करीब सिपाही की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर घर पर पहुंची तो कोहराम मच गया। हरिकेश के दो बच्चे हैं। पति की मौत के बाद पत्नी बदहवास है। परिवार में मातम छाया है। गांव के लोग सिपाही को मिलनसार स्वभाव का बता रहे हैं।