बैतालपुर के धतूरा खास स्थित भठ्ठे पर गांववालों ने तोड़फोड़ की।
- फोटो : अमर उजाला
बैतालपुर। गौरीबाजार थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव के एक व्यक्ति की मौत कच्ची शराब पीने के चलते होने का आरोप लगाते हुए गांववालों ने एक ईंट-भठ्ठे पर हंगामा किया। मौके पर मौजूद मजदूर और कर्मचारियों को भी दौड़ाया। भट्ठे पर तोड़फोड़ की गई। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
जगदीशपुर गांव के लल्लन यादव 45 वर्ष की मौत गुरुवार को हो गई। गांव के लोगों ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में इसकी मौत कच्ची दारू पीने के चलते बताया है। शुक्रवार को ग्राम प्रधान वंदना पासवान की अगुवाई में गांव की महिलाएं और युवक भठ्ठे पर पहुंच गए। इतनी संख्या में लोगों को देखते ही मजदूर और कर्मचारी भागने लगे। गांववालों ने उन्हें दौड़ा लिया, पर वे पकड़ में नहीं आए।
इसके बाद गांववालों ने मजदूरों के ठिकानों को निशाना बनाते हुए काफी हंगामा किया। गांववालों ने भट्ठा मालिक के खिलाफ केस दर्ज करने और भठ्ठा बंद कराने की मांग की। गौरीबाजार के इंस्पेक्टर का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है। युवक के मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।