सलेमपुर। कार्यालय में घुसकर स्टेशन अधीक्षक के साथ मारपीट करने वाले यात्री पर जीआरपी ने केस दर्ज कर लिया है। जीआरपी एसपी के निर्देश पर पांच दिन बाद यह कार्रवाई हुई है। इसके अलावा पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से विभागीय जांच शुरू हो गई है। मईल थानाक्षेत्र के रोहिनिया पिपरा गांव निवासी राजेश्वर शुक्ल पूर्वोत्तर रेलवे में डिप्टी सीटीआई पद पर कार्यरत हैं।
बुधवार को वह परिवार के साथ वाराणसी जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। लिच्छवी एक्सप्रेस अप का लोकेशन पूछने के लिए करीब 12 बजे एसएस कार्यालय में गए। इसको लेकर स्टेशन अधीक्षक राकेश बिहारी से मारपीट हो गई। जीआरपी स्टेशन अधीक्षक और यात्री को लेकर भटनी थाने पर चली गई। विभागीय मामला होने के कारण जीआरपी ने दोनों लोगों से तहरीर लेने के बाद छोड़ दिया।
जांच के बाद जीआरपी ने स्टेशन अधीक्षक राकेश बिहारी की तहरीर पर जीआरपी ने डिप्टी सीटीआई राजेश्वर शुक्ल पर सरकारी कार्य में बांधा डालने, तोड़फोड़, मारपीट और रेलवे एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। इसके अलावा रेलवे कर्मचारियों का मामला होने के चलते पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से विभागीय जांच भी कराई जा रही है।
इस बाबत जीआरपी एसओ अश्वनी कुमार राय ने बताया कि यात्री पर केस दर्ज कर लिया गया है। वहीं, गौरीबाजार में क्राइम ब्रांच की टीम ने गौरीबाजार, रामपुर चौराहे से एक दुकानदार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। संजय चौराहे पर टिकट बुकिंग का काम करते है। रविवार की शाम को क्राइम ब्रांच की टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया।