कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन चौकी से कुछ दूरी पर 19 मार्च को सराफा व्यापारी मुकेश को गोली मारकर जेवर से भरे बैग लूटने का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को सोमवार की रात गिरफ्तार कर लिया।
बीते 19 मार्च की शाम करीब 6 बजे अपने ज्वेलरी की दूकान को बंद कर जेवरात से भरा बैग लेकर मुकेश अपने भाई रोहित के साथ बजरंग कालोनी स्थित आवास पर जा रहे थे। इसी दौरान तीन बदमाशों ने बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर बैग छीनने में असफल हुए बदमाशों ने गोली मारकर मुकेश को घायल कर दिया।
मुकेश को वाराणसी भर्ती कराया जहां वह स्वस्थ हुए। पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन व्यापारियों को दिया था। सोमवार की रात एसओजी प्रभारी तेज बहादुर सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि तीनों आरोपी कही किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। कोतवाली प्रभारी राम सिंह ने बताया कि चक्का बांध से बाइक पर सवार तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में छोटे लाल निवासी साहपुर रोहतास, सुरेंद्र प्रसाद मारूती नगर भोजपुर बिहार, अजय कुमार पुनीत डेहुडियां रोहतास बिहार ने जमानिया निवासी धनजी सोनी की मुखबिरी पर घटना को अंजाम दिया। आरोपियों में छोटे लाल फरार चल रहा है जबकि अन्य गिरफ्तार कर लिए गए हैं। उनके कब्जे से बाइक भी बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक धनजी सोनी व सुरेन्द्र प्रसाद लूट की पांच और डकैती की एक घटना में जेल जा चुके हैं, वहीं फरार छोटे लाल वांटेड अपराधी है जो कई मामलों में वांछित है। अजय कुमार एक डकैती व एक हत्या में वांछित है। अवैध हथियार रखने के जुर्म में पटना में मुकदमा दर्ज है।