मेहरौनाघाट (ब्यूरो)। बारात में डांस करने के दौरान नर्तकियों से युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। नर्तकियों ने इसका विरोध किया तो युवकों ने उसकी पिटाई कर दिया। घायल नर्तकी का इलाज सीएचसी पर हुआ। इससे बारात में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस इस मामले में चार युवकों पर केस दर्ज कर लिया है। लार के कोइरी टोला वार्ड निवासी देवनाथ कुशवाहा के घर रविवार की रात को बारात आई थी। चनुकी मोड़ से आर्केस्ट्रा के साथ द्वारपूजा कराने बारात पक्ष के लोग दरवाजे पर जा रहे थे।
अभी रामलीला मैदान के पास लोग पहुंचे थे कि डांस करने के दौरान चनुकी मोड़ के कुछ युवक नर्तकी के साथ छेड़छाड़ कर दिए। नर्तकी ने इसका विरोध किया तो एक युवक उलझ गया। लोगों ने समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया।
कुछ देर बाद युवक गोलबंद होकर आए और बंगाल की रहने वाली नर्तकी रिया की पिटाई कर दिए। पुलिस ने मारपीट करने वाले दो आरोपियों को पकड़ लिया। नर्तकी की तहरीर पर पुलिस ने चनुकी मोड़ निवासी अजय, कृष्णा, बबलू और विजय पर केस दर्ज कर लिया।