कसया सीएचसी में भर्ती गोली लगने से घायल प्रदीप राव ।
- फोटो : अमर उजाला
कंचनपुर। अदावत में तरकुलवा इलाके के सोन्हौला रामनगर के पास गंडक नदी पुल पर पहले से घात लगाकर खड़े कुछ लोगों ने बीडीसी सदस्य के चालक की गोली मारकर हत्या कर दी। वाहन में दूसरी सीट पर बैठे प्रदीप राव को हॉकी और राड से पीटकर घायल कर दिया। घटना के बाद बदमाश चार पहिया वाहन से भाग निकले। दोनों को सीएचसी कसया ले जाया गया। चिकित्सकों ने चालक अजय यादव को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के हाथ-पांव फूल गए।
आनन-फानन में चेकिंग अभियान शुरू कर दी गई, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे। तरकुलवा के मुंडेरा निवासी कामेश्वर प्रताप सिंह उर्फ अप्पू सिंह बीडीसी सदस्य हैं। ब्लॉक प्रमुख चुनाव में सपा ने टिकट दिया था, लेकिन ये चुनाव नहीं लड़े। शनिवार की शाम छह बजे के करीब उनका चालक कोन्हवलिया का रहने वाला 24 वर्षीय अजय यादव प्रदीप राव को छोड़ने के लिए उनके घर बरवां सेमरा जा रहा था। अभी वे गंडक नदी के पुल पर पहुंचे ही थे कि पहले से 10-12 की संख्या में मौजूद लोगों ने गाड़ी रोक ली।
एक ने चालक को लक्ष्य कर गोली चला दी। गोली लगते ही चालक स्टेयरिंग पर गिर गया। चूंकि गाड़ी के शीशों पर ब्लैक फिल्म लगी थी इसलिए बदमाशों ने हॉकी से वार कर उसे तोड़ दिया। दूसरी सीट पर बैठे प्रदीप राव को हॉकी और राड से पीटने लगे।
वह लहूलुुहान हो गए। उधर से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने दोनों को कसया सीएचसी पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बदमाश इलाके के ही एक गांव के रहने वाले हैं। कामेश्वर सिंह से उनकी पुरानी रंजिश है।
माना जा रहा है कि बदमाशों ने बीडीसी सदस्य समझकर चालक को निशाना बनाया। तरकुलवा के इंस्पेक्टर अनिल पांडेय का कहना है कि हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। शीघ्र आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।