भटनी। विदेश भेजने वाले एक एजेंट को भटनी पुलिस ने 109 पासपोर्ट के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी एजेंट इलाके लोगों का पासपोर्ट रखकर रुपये लेकर विदेश भेजने का दावा कर रहा था। ठगी की शिकायत एक युवक की शिकायत पर पुलिस ने एजेंट के खिलाफ कार्रवाई की है। पकड़े गए पासपोर्ट पुलिस संबंधित लोगों को लौटा देगी।
भटनी थानाक्षेत्र के हतवा नकहनी गांव निवासी देवमुनि यादव विदेश जाने नूरीगंज के एक एजेंट विकास शर्मा से संपर्क किया। वह रुद्रपुर के अकटहिया का रहने वाला है। आरोप है कि एजेंट ने देवमुनी से 11 अगस्त को विदेश भेजने के नाम पर 37 हजार रुपये ले लिया और पासपोर्ट भी रख लिया। समय सीमा खत्म होने पर देवमुनि ने रुपये और पासपोर्ट की मांग शुरू कर दी।
रविवार की दोपहर देवमुनि अपने साथी विवेक यादव के साथ नूनीगंज एजेंट विकास शर्मा की दुकान पर पहुंचा। दोनों को देखकर आरोपी एजेंट भागने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। उसे काउंटर की तलाशी में 109 पासपोर्ट मिले। जिन्होंने विदेश भेजने के लिए आरोपी को रुपये दे रखे थे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पासपोर्ट के साथ आरोपी एजेंट विकास को थाने लाई और पूछताछ करने लगी।
इंस्पेक्टर भटनी अशोक सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया जाएगा। मामले की जांच की जा रही है। मौके से जो पासपोर्ट मिले है, संबंधित लोगों को सौंपा जाएगा। जिनका पता गलत मिलेगा उसे जब्त कर कोर्ट में पेश किया जाएगा।