रामपुर कारखाना। डुमरी-बैतालपुर मार्ग पर रामपुर लाला गांव के पास मंगलवार की देर शाम एक भूसा लदी ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार कपड़ा व्यापारी की मौत हो गई। हादसे में उसका एक अन्य साथी जख्मी हुआ है। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलजे के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के शिकार किसी युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
रामपुर कारखाना कस्बा निवासी अख्तर अंसारी (32) की कस्बे के मेन रोड पर जनता इंटर कॉलेज के सामने रेडीमेड कपड़े की दुकान है। वह एक अन्य दुकानदार शिव मंदिर वार्ड निवासी फैजुल्ला (25) के साथ मंगलवार की देर शाम किसी कार्य से बैतालपुर गए थे। घर लौटते समय डुमरी-बैतालपुर मार्ग के रामपुर लाला गांव के पास सामने से आ रही भूसा लदी ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक चला रहे अख्तर अंसारी और उस पर सवार फैजुल्ला घायल हो गए। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने आनन-फानन दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने अख्तर को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फैजुल्ला का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। मौके पर पहुंची रामपुर कारखाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। अख्तर की पत्नी तमन्ना, मां, बेटे रेहान और अब्दुल रहमान का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक के भाई शाहनवाज आलम सपा से मनोनीत सभासद रह चुके हैं। सांत्वना देने वालों का उनके आवास पर तांता लगा रहा।