देवरिया। राघवनगर के स्वर्ण व्यवसायी की दुकान में काम करने वाले मुनीम को पुलिस ने लूट की झूठी कहानी गढ़ने के आरोप में पकड़ लिया है। दुकान से गहनों से भरा थैला लेकर निकले मुनीम की रास्ते में नियत बिगड़ गई। घर थैला रखने के बाद दुकानदार को लूट की सूचना दी। पुलिस ने जब गहनता से छानबीन की तो थैला मुनीम के घर से बरामद हुआ।
शहर के तिलक रोड निवासी कृष्ण कुमार बरनवाल की राघवनगर में आभूषण की दुकान है। बुधवार की दोपहर बाद उनकी दुकान में दो महिलाएं आईं। उन्होंने आभूषण दिखाने को कहा। दुकान में मौजूद आभूषण उन्हें पसंद नहीं आया तो कृष्ण कुुमार ने सदर कोतवाली के परसिया मल्ल गांव निवासी मुनीम निगम राजभर को मालवीय रोड की एक दुकान से आभूषण लाने भेजा। वह 171 ग्राम सोने का आभूषण लेकर आया। यह भी ग्राहक महिलाओं को पसंद नहीं आया। उनके जाने के बाद कृष्ण कुमार ने मुनीम को सामान वापस करने भेजा। काफी देर बाद मुनीम ने सूचना दी कि कोऑपरेटिव के पास बाइक सवार दो युवक आए और तमंचा दिखाकर आभूषण रखा थैला लूट लिया। सूचना मिलते ही दुकानदार कृष्ण कुमार के हाथ-पांव फूल गए। उन्होंने तत्काल मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। कोतवाली मुनीम को थाने ले गई। उससे पूछताछ कर जानकारी ली। शक होने पर पुलिस की एक टीम उसके घर पहुंची तो आभूषण रखा थैला बरामद हुआ। सदर कोतवाल प्रभातेश श्रीवास्तव का कहना है कि मुनीम निगम राजभर ने खुद लूट की कहानी गढ़ी थी। आभूषण का थैला मिल गया है। केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।