रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र में मरे बछड़े मिलने से जुटे गांव के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
रामपुर कारखाना (देवरिया)। गन्ने के खेत में किसी ने आठ बीमार गोवंशीय पशुओं को फेंक दिया, इनमें से छह की मौत हो गई। पशुओं के शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने गोवंशीय पशुओं का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें दफना दिया। दो बछड़ों को इलाज के लिए पशु अस्पताल भेजा गया है।
थानाक्षेत्र के बनकट बहादुरपुर ट्यूबवेल के पास गन्ने का खेत है। शनिवार की सुबह अज्ञात वाहन से आठ गोवंशीय पशुओं को खेत के पास फेंक दिया गया। इनमें से छह पशुओं की मौत हो गई थी और दो की सांसें चल रही थीं। पशुओं की आवाज सुनकर गांववालों ने पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर प्रभातेष श्रीवास्तव मय फोर्स मौके पर पहुंचे। और जेसीबी से पशुओं को खेत से निकलवाया गया। दो पशुओं को इलाज के लिए डुमरी पशु अस्पताल भेजा गया। मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कराकर खेत में दफन करा दिया गया। पुलिस अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।