अमर उजाला ब्यूरो
इंदौरा/डमटाल (कांगड़ा)। इंदौरा के इंदपुर गांव में जुलाकड़ी मोहल्ले के पास जंगल में अवैध शिकार के लिए लगाए गए फाहे में फंसने से तेंदुआ बुरी तरह से घायल हो गया। तेंदुए की दहाड़ से आसपास के खेतों में काम रहे गांववासियों ने जब मौके पर जाकर देखा तो तेंदुआ छटपटा रहा था। फाहे में लगाई लोहे की तार में फंसने के कारण तार बाघ के पिछले हिस्से में धंस चुकी थी। घायलावस्था में तेंदुआ तड़प रहा था। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना गांव के प्रधान सोमराज को दी। इस पर प्रधान ने इंदौरा पुलिस थाना को सूचित किया। पुलिस थाना से हेड कांस्टेबल अशोक पठानिया टीम सहित मौका पर पहुंचे। इंदौरा वन विभाग के डिप्टी रेंजर हरबंस लाल, फारेस्ट गार्ड जितेंद्र कुमार, अमित कुमार, विजय कुमार व बलवंत सिंह मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने पालमपुर वन विभाग मुख्यालय को सूचित किया। करीब 6 घंटे बीतने के बावजूद पालमपुर से वन विभाग की टीम गाड़ी और तेंदुए को पकड़ने वाले उपकरण लेकर देर सायं तक नहीं पहुंच पाई थी। देर शाम तक तेंदुआ घायल अवस्था में जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ता रहा।