देवरिया। गांजा बेचने वालों को सह देने में सलेमपुर कोतवाल सीपी जैसल की भूमिका की जांच सीओ सलेमपुर करेंगे। वायरल ऑडियो का संज्ञान लेते हुए एसपी ने मंगलवार को सीओ को जांच के लिए निर्देशित किया। मामला पुष्ट होने पर उन पर कार्रवाई तय है।
विवादों में रहने वाले सलेमपुर कोतवाल सीपी जैसल पर रुपये लेकर गांजा बेचवाने और तस्कर को छोड़ने संबंधी एक ऑडियो वायरल हुआ है। थाने की एक चौकी पर तैनात सिपाही और तस्कर आद्या बाबा के बीच लंबी बातचीत हुई है। इसमें गांजा बेचने और रुपये लेने की बात कही जा रही है। मंगलवार के अंक में यह खबर प्रमुखता से प्रकाशित हुई। एसपी किरीट राठोड ने इसे गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। फिलहाल चुनाव की व्यस्तता है। मतगणना के बाद जांच पूरी करा ली जाएगी। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।