जेल से तीन बंदियो को जुर्माना भर कर छुडाया गया।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। जुर्माना की रकम जमा नहीं करने वाले तीन सिद्धदोष कैदियों को विधायक ने जेल से रिहा कराया। इसमें से दो कुशीनगर और एक बिहार के दरभंगा का रहने वाला है। जेल पहुंचे उनके परिवारवालों के समक्ष ही तीनों से भविष्य में इस तरह के कार्य नहीं करने की शपथ दिलाई गई।
कुशीनगर के हाटा कस्बा निवासी भीम मद्धेशिया, पडरौना कस्बे के अनवारूल हक और बिहार के दरभंगा जिले के सेकहपुर थानाक्षेत्र के नरायनपुर गांव निवासी रामअशीष चोरी के मामले में न्यायालय से सजा पाए थे। तीनों ने न्यायालय की ओर से दी गई सजा की अवधि पूरी कर ली थी। जुर्माना नहीं भर पाने के कारण वह जेल में सजा काट रहे थे। किसी समाजसेवी संस्था ने कुशीनगर जिले के खड्डा विधायक जटाशंकर त्रिपाठी को जानकारी दी थी। शुक्रवार को वह जिला जेल पहुंचे और सिद्धदोष कैदियों का क्रमश: पांच और तीन-तीन हजार रुपये जुर्माना भरा। इसके बाद तीनों जेल से रिहा हो गए। जेल के गेट पर ही कुशीनगर के रहने वाले दोनों कैदियों के परिवारवाले पहुंचे थे। सभी के समक्ष तीनों से भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने की शपथ दिलाई गई। जेल अधीक्षक दिलीप पांडेय ने कहा कि विधायक ने जुर्माना भरा है तो तीनों रिहा हो गए हैं।