बघौचाघाट। स्कूल से घर जा रही कक्षा दो की छात्रा के साथ तीन युवकों ने दुराचार करने की कोशिश की। शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने एक युवक को दबोच लिया। इस बीच दो युवक मारपीट कर भागने में सफल रहे। छात्रा के बाबा ने पुलिस को नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली तीन सगी बहनें रोज की तरह शनिवार को स्कूल गईं थीं। छुट्टी के बाद तीनों घर जा रहीं थीं। गांव के समीप रास्ते में मौजूद तीन युवकों ने छात्राओं को रोका और नौ वर्षीय छात्रा को गन्ने की खेत में उठा ले गए। यह देख दोनों बहनें शोर मचाने लगी। शोर सुनकर खेत में काम कर रहीं महिलाएं और पुरुष आ गए। लोगों को देख युवक छात्रा को छोड़ कर भागने लगे। लोगों ने एक युवक को दौड़ाकर पकड़ लिया। इस बीच अन्य दो युवक भाग निकले। गांव वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। एसओ आरपी सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।