दुपट्टे के सहारे फंदे पर झूल गई किशोरी
भटौली बुजुर्ग गांव का है मामला, कारण नहीं बता पाए परिवारवाले
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीबाजार। क्षेत्र के भटौली बुजुर्ग गांव में बुधवार की शाम एक किशोरी कमरे में दुपट्टे का फंदा बनाकर झूल गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर किशोरी के शव को बाहर निकाला। आत्महत्या के कारणों के बारे में परिवारवालों को जानकारी नहीं है।
भटौली बुजुर्ग गांव निवासी अशोक निषाद की छह संतानों में रोशनी 16 चौथे नंबर की थी। आठवीं कक्षा के बाद आर्थिक कारणों से उसने आगे की पढ़ाई छोड़ दिया। पुलिस और गांववालों के अनुसार अशोक मंदबुद्धि हैं। परिवार की जीविका चलाने के लिए पत्नी शांति देवी गोरखपुर में सिलाई-कढ़ाई केंद्र चलाती हैं। रोशनी बूढ़ी दादी विंद्रावती के साथ रहकर घर के काम में हाथ बंटाती थी। बुधवार की दोपहर बड़ी बहन किरन बैंक से रुपये निकालने गई थी। शाम चार बजे वह लौटी तो रोशनी की तलाश शुरू की। उसका कहीं पता नहीं चल सका। बाद में उसने कमरे के अंदर झांककर देखा तो उसके होश उड़ गए। रोशनी दुपट्टा के सहारे फांसी लगा ली थी। किरन ने डायल-100 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। पुलिस ने आत्महत्या के कारणों में जानकारी जुटानी चाही, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।