- आज जेल भेजा जा सकता है हत्यारोपी ससुर
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। शहर के गायत्रीपुरम रामगुलाम टोला निवासी रिंकी की हत्या में पुलिस के हाथ कोई और सुराग नहीं लगा है। पुलिस मंगलवार को हत्यारोपी ससुर रामकरन मल्ल को जेल भेज सकती है। सोमवार को भी कोतवाली पुलिस ने हिरासत में लिए गए ससुर से पूछताछ कर घटना के बारे में जानकारी ली।
रविवार की भोर में गायत्रीपुरम रामगुलाम टोला निवासी रिंकी 35 की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। मृतका के ससुर रामकरन मल्ल ने ही हत्या करने की बात कबूल की। उसका कहना है कि बहू की आदतों से आजिज आकर यह कदम उठाना पड़ा। रविवार को ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया था। हत्या के अन्य पहलुओं की जांच में सोमवार को पुलिस जुटी रही। हिरासत में लिए गए ससुर रामकरन मल्ल से भी पूछताछ कर और जानकारी ली गई, लेकिन कहीं से कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। अब पुलिस नामजद आरोपी ससुर को ही जेल भेजने की तैयारी में जुटी है। मंगलवार को उसे जेल भेजा जा सकता है। सदर कोतवाल विजय नारायण प्रसाद का कहना है कि पूछताछ कर घटना के बारे में और जानकारी जुटाने की कोशिश की गई है। ससुर रामकरन खुद हत्या करने की बात कबूल कर रहा है। मंगलवार को आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर उसे न्यायालय के लिए चालान कर दिया जाएगा।