देवरिया। कसया ओवरब्रिज पर सवारी भरने को लेकर अनुबंधित बस के चालक और परिचालक की पिटाई कर दी गई। विरोध करने वाले सवारियों को भी मनबढ़ों ने नहीं छोड़ा। पीड़ित चालक की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने एक निजी बस मालिक के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
बलिया डिपो की बस शनिवार की सुबह देवरिया आई। यहां से सवारी भरकर वह कसया-पडरौना जा रही थी। कसया ओवरब्रिज पर चालक खड़ा कर सवारी भर रहा था। इसी दौरान एक निजी बस मालिक अपने कुछ लोगों के साथ पहुंचे और सवारी भरने की बात को लेकर चालक और परिचालक की पिटाई करने लगे। कुछ सवारियों ने विरोध किया तो उनकी भी पिटाई की गई। सूचना के बाद पुलिस पहुंची, इससे पहले ही हमलावर भाग गए। बलिया जिले के रहने वाले चालक रमाकांत पुत्र हरिहर ठाकुर और परिचालक अनीस पुत्र धनंजय सिंह ने कोतवाली पहुंचकर नामजद तहरीर दी। सदर कोतवाल प्रभातेश श्रीवास्तव का कहना है कि चालक रमाकांत की तहरीर पर बस मालिक अनूप कुमार सिंह के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने समेत कई शधाराओं में केस दर्ज किया गया है। घायल चालक और परिचालक का उपचार कराया गया। आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।