एकौना (देवरिया)। सार्वजनिक जगह पर नशे में धुत बिजली विभाग का एक एसएसओ थानाध्यक्ष से भिड़ गए। पुलिस ने जांच के लिए हिरासत में लिया तो दोआबा की बिजली आपूर्ति ठप कर हंगामा करा देने की धमकी देने लगा। पुलिस ने एसएसओ समेत दो युवकों को शांति भंग के आरोप में चालान कर दिया।
शुक्रवार की रात करीब नौ बजे पचलड़ी डीह चौराहे पर एक गाड़ी में बैठकर कुछ युवक शराब पी रहे थे। आरोप है कि दोनों नशे में किसी बात को लेकर गाली-गलौज करने लगे। गश्त पर निकली पुलिस दोनों युवकों से पूछताछ करने लगी। एक युवक ने खुद को पचलड़ी बिजली घर का एसएसओ बताया। पुलिस ने उसे हंगामा करने से मना किया तो उसने दोआबा की बिजली आपूर्ति ठप करने की धमकी दी। कहा कि बिजली काटने पर लोग पुलिस के खिलाफ बवाल करने लगेंगे। पुलिस दोनों युवकों को हिरासत में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर ले गई। मेडिकल कराने के बाद दोनों को शांति भंग के आरोप में चालान कर दिया। थानाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि पचलड़ी चौराहे पर नशे में दोनों युवकों ने पुलिस से दुर्व्यवहार किया। मेडिकल में दोनों के शराब पीने की पुष्टि हुई है। आरोपी तिघरा गांव के तापत गौड़ और ज्ञान प्रकाश कुशवाहा को शांति भंग के आरोप में चालान कर दिया। ज्ञान प्रकाश पचलड़ी विद्युत केंद्र का एसएसओ बताया जा रहा है।