---
- पुलिस ने 185 पेटी अवैध शराब भी बरामद की
- भटनी में तस्करों से 1.9 किग्रा गांजा भी बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
भटनी/खुखुंदू/बनकटा। शराब तस्करों के खिलाफ जिले की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चेकिंग के दौरान 185 पेटी अवैध शराब बरामद करते हुए पुलिस ने सात तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। भटनी में पकड़े गए तस्करों के पास से 1.9 किलो गांजा भी बरामद हुआ। पूछताछ के बाद सभी तस्करों को जेल भेज दिया गया।
एसपी एन.कोलांचि के निर्देश पर पुलिस ने शुक्रवार की रात अलग-अलग स्थानों पर नाकेबंदी कर वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान भटनी एसओ आलोक सोनी की टीम ने नकहनी चौराहे के पास से टाटा सूमो में भरकर ले जाई जा रही शराब पकड़ी। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर से 25 पेटी क्रेजी रोमियो ब्रांड अंग्रेजी शराब मिली। वाहन में सवार राजू कुमार निवासी जोडावर छापर, विपिन प्रसाद पांडेटोला थाना भोरे, विवेकानंद यादव बंधौराघाट थाना विजईपुर जिला गोपालगंज को पुलिस ने पकड़ लिया। कुछ समय बाद एक वैगनार से नौ पेटी 38 शीशी अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए उसमें सवार अमित यादव निवासी बेलवा टोला थाना भोरे व राजन गुप्ता थाना भोरे को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 1900 ग्राम गांजा भी मिला। पुलिस टीम में एसओ के अलावा एसआई अशोक कुमार सिंह, कांस्टेबल संतोष यादव, प्रवीण कुमार, मिथिलेश बहादुर सिंह, मंजूर आलम, नागेंद्र सिंह, श्यामशेर यादव शामिल रहे।
उधर, खुखुंदू एसओ परमाशंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम खुखुंदू चौराहे के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। देवरिया की तरफ से आ रहे वाहन को चालक पुलिस को देखते ही गाड़ी मोड़कर देवरिया की तरफ ही भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो तस्कर सुवीखर गांव के पास वाहन छोड़कर फरार हो गए। वाहन से 140 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। टीम में एसआई मनोज यादव, हेड कांस्टेबल मृत्युंजय तिवारी, विक्रमादित्य, पुनीत यादव, अरविंद यादव शामिल रहे। बनकटा पुलिस ने बिहार बॉर्डर के रामपुर बुजुर्ग के पास चेकिंग के दौरान कार से 10 पेटी अवैध शराब बरामद की। कार में सवार राजकुमार निवासी रामपुर ब्रह्मचारी टोला व श्रीराम चैहान निवासी ग्राम विशुनपुरा थाना बनकटा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में एसआई रामप्रताप यादव, कांस्टेबल महेश भारती, बृजेश सिंह यादव शामिल रहे।