अफाउल्लाह उर्फ़ भोला फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
लार। बाइक में पेट्रोल भरवा कर लौट रहे युवक की तेज रफ़्तार ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
नगर के पूरब मुहल्ला कोइरी टोला वार्ड निवासी अफाउल्लाह उर्फ भोला 26 वर्ष लार नगर के एक मोटर ट्रेनिंग सेंटर पर कार चलाने सीख रहा है। रोज की तरह बुधवार की सुबह वह कार चलाना सीखने बाइक से निकला। बाइक में तेल कम होने से वह रामजानकी मार्ग के बगल में सुतावार पेट्रोल पंप पर तेल भरवा वापस लार लौट रहा था। चौरडीहा गांव के सामने पहुंचा था तभी लार रोड की तरफ से तेज रफ्तार से आ रही ट्रक की चपेट में आ गया। मौके पर ही युवक की मौत हो गई। परिजन उसे एंबुलेंस की मदद से सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अफाउल्लाह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उससे बड़ा भाई फारूक विदेश रहता है। छोटा भाई अमर अब्दुलाह घर पर पिता के कामों में हाथ बंटाता है। वहीं बहन फिरदोसा समां सोनी का रोते-रोते बुरा हाल था। इस बाबत एसओ श्रवण यादव ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।