रामपुर कारखाना। स्थानीय कस्बे के जलकल वार्ड में शुक्रवार की देर शाम खाद्यान्न लदी ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से पल्लेदार की मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर ट्राली को मौके पर छोड़कर चालक फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
नगर के जलकल वार्ड निवासी शंकर राजभर (55) पल्लेदारी का काम करता था। शुक्रवार की शाम वह गुदरी बाजार में गया था। शाम करीब सात बजे वापस लौटते समय जलकल वार्ड में कोयले की दुकान के समीप विपरित दिशा से आ रही खाद्यान्न लदी ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर शंकर के ऊपर चढ़ गई। सिर पर गंभीर चोट से शंकर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर घर वाले व पुलिस घटनास्थल पहुंची। उधर, चालक कुछ दूर पर ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर फरार हो गया। एसओ अजय शंकर ओझा ने बताया कि चालक की तलाश की जा रही है। ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया गया है। शंकर की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उसकी परिवार में पत्नी खेतनी देवी, पुत्र विजय, धनेश, गिरीश और पुत्री कुमकुम हैं।
---
हादसे में पूर्व प्रधान घायल
रामपुर कारखाना। थाना क्षेत्र के बरईपुर लाला मोड़ के पास दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में गोविंदपुर लाला के पूर्व प्रधान उमाशंकर लाल गौड़ (50) गंभीर रुप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया।