देवरिया। भलुअनी थानाक्षेत्र के लंगड़ा बाजार के ग्राम प्रधान और भलुअनी प्रधान संघ के अध्यक्ष घनश्याम सिंह ने बरहज के भाजपा विधायक सुरेश तिवारी के खिलाफ धमकी देने की तहरीर थाने में दी है। प्रधान का आरोप है कि विधायक ने उन्हें गड़वा देने की धमकी दी है। यदि पुलिस कार्रवाई नहीं करती है तो उन्हें जान को भी खतरा हो सकता है।
प्रधान घनश्याम सिंह का कहना है कि गांव में सहन की जमीन को लेकर गांव के ही रंगनाथ पांडेय से वर्ष 1964 से मुकदमा चल रहा है। वर्ष 2003 में रंगनाथ ने हाईकोर्ट से स्टे ऑर्डर ले लिया है। इसके खिलाफ उन्होंने वाद दाखिल किया है। प्रधान का आरोप है कि 22 जून को रंगनाथ पांडेय पक्ष के लोग विवादित जमीन से पेड़ काट रहे थे। इसकी सूचना 100 नंबर पुलिस के साथ ही भलुअनी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची जरूर, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। 23 जून को विवादित जमीन की दीवार गिरा दी गई। उनके भाई को मारा भी गया। इस मामले में भलुअनी पुलिस ने केस दर्ज किया है। प्रधान का कहना है कि 30 जून को वह लखनऊ जा रहे थे। उनके मोबाइल पर बरहज विधायक सुरेश तिवारी के नंबर से फोन आया। उन्हें धमकी दी गई कि यदि मुकदमा वापस नहीं लिया तो जमीन में गड़वा देंगे। प्रधान का कहना है कि उन्होंने पीएम, सीएम, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, एसपी को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।
इनसेट में-
आरोप झूठा है, कर दें केस
बरहज के भाजपा विधायक सुरेश तिवारी ने कहा कि ग्राम प्रधान घनश्याम सिंह का आरोप झूठा है। जब उनसे कहा गया कि प्रधान का कहना है कि उसके पास धमकी की रिकॉर्डिंग है तो उन्होंने कहा कि ऐसा है, तो वह मेरे खिलाफ केस कर दें।