पीड़ित परिवार से मिले मंत्री अनिल राजभर
कार्रवाई का भरोसा दिलया, नगउर के मोतीलाल की पीटकर हत्या की गई थी
प्रदेश सरकार से मदद दिलाने का भी दिया आश्वासन
अमर उजाला ब्यूरो
पैकौली। खेत में पशु घुसने के विवाद में किसान मोतीलाल राजभर की हत्या की खबर के बाद रविवार को प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अनिल राजभर नगउर गांव पहुंचे। पीड़ित परिवार से मिले और घटना के बारे में जानकारी ली। शोक संवेदना जताते हुए उन्होंने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने सरकार से हरसंभव मदद उपलब्ध कराने की भी बात कही।
भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ रविवार को गांव पहुंचे अनिल राजभर ने परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने मोतीलाल की पत्नी विमशी देवी, बेटियों से मिलकर पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी ली। सीओ निष्ठा उपाध्याय को तत्काल मुकदमा दर्ज कर हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने को कहा। उन्होंने फ़ोन पर पुलिस अधीक्षक से भी बात की। परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि वह उनकी लड़ाई लड़ेंगे। पूरी सरकार उनके साथ है। आरोपियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। पीड़ित परिवार को अपना मोबाइल नंबर देते हुए किसी भी वक्त जरूरत पड़ने पर संपर्क साधने को कहा। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से जो भी सहायता राशि देने की व्यवस्था है उसका लाभ पीड़ित परिवार को यथाशीघ्र दिलाया जाएगा। भाजपा सरकार में अपराधियों की जगह जेल है, वह बाहर नहीं घूम सकते। जिलाध्यक्ष डॉ. अंतर्यामी सिंह ने कहा कि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता आपके साथ खड़ा है। इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री जितेंद्र पांडेय, जिला पंचायत सदस्य राजन यादव, ग्रामप्रधान हीरा यादव, मीडिया प्रभारी अंबिकेश पांडेय, रामदास मिश्रा, संजय राजभर, अशोक राजभर, रामाज्ञा राजभर, प्रेमनाथ राजभर, वेदप्रकाश राजभर, सुरेश चौरसिया, उमेश तिवारी, अविनाश लाला, मनोज शाही आदि मौजूद रहे।