भाटपाररानी। रविवार की रात बदमाशों ने भाटपाररानी-सलेमपुर मार्ग पर स्थित दो पेट्रोल पंप पर धावा बोलकर लूट का प्रयास किया। सफलता नहीं मिलने पर दोनों पेट्रोल पंप पर तोड़फोड़ की। एक कार का शीशा तोड़ा गया। सूचना पर पहुंची डायल-100 पुलिस ने लुटेरों का पीछा किया, लेकिन पकड़ नहीं पाए। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
भाटपाररानी-सलेमपुर मार्ग पर नवका टोला छोटका गांव पर स्थित पेट्रोल पंप पर रविवार की रात 1:50 पर बाइक सवार बदमाश पहुंचे। पेट्रोल लेने के लिए बदमाश कमरे में सोए कर्मचारियों और चौकीदार को जगाने लगे। अनहोनी की आशंका में जब बाहर नहीं आए तो बदमाशों ने पंप के नोजिल और ढक्कन समेत अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर डाले। यहां खड़ी शहर के एक चिकित्सक की कार का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद वे यहां से लगभग 200 मीटर दूर महुआबारी पेट्रोल पंप पर पहुंचे। यहां भी जब उन्हें सफलता नहीं मिली तो पंप के नाजिल, वाईफाई को तोड़ डाला और ढक्कन उठा ले गए। सामान सुबह महुआबारी बाजार में फेंका मिला। बदमाशों के जाने पर कर्मचारियों ने तत्काल डायल-100 पर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस आई और बदमाशों का पीछा भी किया परंतु वे भागने में सफल रहे। सोमवार की सुबह पेट्रोल पंप मालिक सुनील गुप्ता, उमाशंकर गुप्ता और क्षतिग्रस्त कार के मालिक डॉक्टर मनीष शर्मा थाने पर पहुंचे। तीनों ने अज्ञात लुटेरों के विरूद्ध पुलिस को तहरीर दी। पुलिस सीसीटीवी कैमरे का फुटेज जांच के लिए साथ ले गई है। थानाध्यक्ष सुदेश शर्मा ने बताया है कि घटना की तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। फुटेज के माध्यम से बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।