‘अतीक और गुर्गों पर सख्त कार्रवाई करे प्रशासन’
वैश्य समाज ने जेल अधीक्षक को भी निलंबित करने की मांग की
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। वैश्य समाज ने लखनऊ के कारोबारी मोहित जायसवाल का अपहरण कर जेल में पिटाई के मामले में अतीक और उसके गुर्गों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। विजय टॉकीज रोड स्थित कैंप कार्यालय में सोमवार को हुई समाज की बैठक में जेल अधीक्षक को भी निलंबित करने की मांग की गई।
प्रदेश उपाध्यक्ष हरेंद्र जायसवाल ने कहा कि कारोबारी को अपहरण कर देवरिया तक लाना और जेल में उसकी पिटाई कर जबरन प्रापर्टी के कागजात पर हस्ताक्षर कराने के मामले में जेल प्रशासन की भूमिका संदिग्ध है। बगैर मिलीभगत के ऐसा संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि एक सप्ताह में कार्रवाई न हुई तो वैश्य समाज सड़क पर उतरकर आंदोलन को बाध्य होगा। बैठक में अरविंद गुप्ता, रामचंद्र जायसवाल, गिरिजेश गुप्ता, वेद प्रकाश जायसवाल, राजकुमार जायसवाल, अजीत कुमार, गौरी शंकर, पवन बजरंगी, गुड्डू गुप्ता, गिरिश जायसवाल, पवन आदि मौजूद रहे।