देवरिया। सदर कोतवाली इलाके के महुई गांव के लोगों ने डीजे बजाने की बात को लेकर बारातियों को दौड़ाकर पीटा। बारात आईं महिलाओं से अभद्रता की गई। 15 लोग चोटिल हो गए। सूचना के बाद पहुंची यूपी-100 पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। खुखुंदू के विशुनपुरा गांव के एक व्यक्ति के बेटे की बारात सदर कोतवाली के महुई गांव में आई थी। द्वारपूजा के दौरान डीजे बज रहा था। बाराती अपने हिसाब से गाना बजवा रहे थे।
गांव के कुछ युवक पसंदीदा गाना बजवाना चाह रहे थे। इसको लेकर विवाद की स्थिति हो हुई। किसी तरह मामला शांत हुआ। आधी रात के बाद बाराती वाहनों से लौट रहे थे। बैकुंठपुर के पास गांव के युवकों ने वाहनों को घेर लिया। पुरुषों को दौड़ाकर पीटा। वाहन में सवार महिलाओं के साथ अभद्रता की। सूचना के बाद यूपी-100 की गाड़ी मौके पर पहुंची। घटना में 15 से अधिक बारातियों को चोट लगी है। सभी का उपचार जिला चिकित्सालय में कराया गया। सदर कोतवाल नीतिश श्रीवास्तव का कहना है कि डीजे बजाने को लेकर बारातियों और गांववालों के बीच विवाद हुआ। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।