सलेमपुर। चचेरे भाई को छोड़कर वापस घर आ रहे एक बाइक सवार छात्र को बस ने ओवरब्रिज पर टक्कर मार दिया। इससे छात्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं चालक बस लेकर भाग गया। नाराज ग्रामीणों ने सोहनाग मोड़ पर देवरिया-सलेमपुर मार्ग को तीन घंटे तक जाम कर दिया। जाम के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। एसडीएम के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ।
कोतवाली थानाक्षेत्र के मधवापुर गांव निवासी करुणाशंकर पांडेय का 17 वर्षीय बेटा आकाश का चचेरा भाई गोविंद हाईस्कूल की परीक्षा दे रहा है। शनिवार की सुबह दसवीं के गणित विषय का पेपर था। वह उसे बाइक से लेकर परीक्षा केंद्र पर छोड़ने गया था। गोविंद को छोड़ने के बाद आकाश बाइक से घर आ रहा था। वह सलेमपुर ओवरब्रिज पर पहुंचा था कि लार की तरफ से आ रही परिवहन निगम की अनुबंधित बस ने टक्कर मार दिया। इससे आकाश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस लेकर भाग गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आनन-फानन में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसके मौत की जानकारी होते ही गांववाले जुट गए। शव को बिना परिजनों के बताए पोस्टमार्टम भेजे जाने से लोग नाराज हो गए। लोगों ने सोहनाग मोड़ के पास देवरिया-सलेमपुर मार्ग को सात बजे सुबह जाम कर दिया। लोग शव को मंगाने और मुआवजे की मांग कर रहे थे। जाम से आवाजाही ठप हो गई। सूचना पर पहुंचे एसडीएम विनीत सिंह ने उनकी बात डीएम व सीएम तक पहुंचाने का आश्वासन देकर जाम खत्म कराया। आकाश बापू इंटर कालेज का ग्यारहवीं का छात्र था। मां पूनम पांडेय की डेढ़ वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है, पिता प्राइवेट डॉक्टर हैं। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। छोटा भाई विकास 14 वर्ष, प्रकाश 10 वर्ष व बहन ज्योति 16 वर्ष का रो-रो कर बुरा हाल है।