रामवृक्ष के 15 समर्थक गिरफ्तार
रुद्रपुर में चला रहे थे चुनाव बहिष्कार आंदोलन
शांतिभंग और आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज
साथ में चल रही राशन लदी तीन टेंपो भी सीज
मथुुरा कांड के आरोपी रामवृक्ष को बता रहे आदर्श
अमर उजाला ब्यूरो
रुद्रपुर (देवरिया)। आजाद भारत को गुलाम बताकर लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ आंदोलन चलाने वाले 15 लोगों को एसपी के निर्देश पर गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें से दो गाजीपुर और महराजगंज जिले के हैं। बाकी सभी लोग रामपुर कारखाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे। सभी लोग बुधवार को चुुनाव बहिष्कार को लेकर रुद्रपुर के पूर्वी बाईपास चौराहे पर नुक्कड़ सभा कर रहे थे। इनके साथ राशन पानी के साथ तीन गाड़ियां पकड़ी गई। एसपी ने राशन लदी तीनों टेंपो को सीज करने का निर्देश दिया। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने आचार संहिता का उल्लंघन और शांतिभंग करने का केस दर्ज किया है।
चुनाव बहिष्कार आंदोलन के कार्यकर्ता मथुुरा कांड के आरोपी रामवृक्ष यादव को अपना आदर्श बता रहे थे। यह लोग जिले में घूमकर चारों ओर चुनाव बहिष्कार का आंदोलन चला रहे थे। हिरासत में लिए गए लोगों में गाजीपुर के रामलखन और महराजगंज जिले के सहजावल प्रसाद ने बताया कि उनका मूवमेंट पूरे देश में चल रहा है। उनके अनुसार भारत अभी पूर्ण आजाद नहीं हुआ है। वह देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था का विरोध कर रहे है। उन्होंने देश में आजाद हिंद सेना का शासन स्थापित करने को अखिल भारतीय स्तर पर मुहिम चलाने की बात कही। पूर्वी बाईपास चौराहे पर नुक्कड़ सभा के दौरान एसपी किरीट राठोड की गाड़ी गुजर रही थी। चौराहे पर मजमा देखकर एसपी ने गाड़ी रोककर जांच की। उन्होंने फौरन कोतवाली पुलिस को बुलाकर सबको हिरासत में लेने का निर्देश दिया। कोतवाल गिरिजेश तिवारी ने कहा कि चुुनाव के बहिष्कार का मूवमेंट अलोकतांत्रिक है। बिना आदेश के नुक्कड़ सभा कर आचार संहिता का भी उल्लंघन किया गया है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।