देवरिया। शराब कारोबार में जेल भेजे गए सुभाष जायसवाल की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कोतवाली पुलिस उनके लाइसेंसी असलहों को निरस्त के लिए एसपी को फाइल बढ़ा दी है। सुभाष जायसवाल के परिवार में तीन लाइसेंसी असलहे हैं।
सदर कोतवाली पुलिस ने सोनूघाट-महुआनी मार्ग से शनिवार की रात को एक ट्रक अवैध शराब पकड़ा था। हरियाणा के ट्रक में लदी 1300 पेटी शराब की कीमत 50 लाख रुपये थी। इस मामले में शहर के भटवलिया के रहने वाले सुभाष जायसवाल, उनके बेटे तारकेश्वर जायसवाल, सोनूघाट के रहने वाले हृदयानंद यादव समेत 13 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया। सुभाष, तारकेश्वर और 10 अन्य जेल भेजे जा चुके हैं। इससे पूर्व दिसंबर महीने में रुद्रपुर कोतवाली के उसरा बाजार से सुभाष जायसवाल के बंद पड़े फ्लोर मिल से 19 लाख रुपये कीमत की अवैध शराब बरामद की गई थी। सदर कोतवाली पुलिस ने सुभाष पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस ने उनके लाइसेंसी असलहों को निरस्त करने के लिए फाइल एसपी को दी है। एसपी इस फाइल को डीएम के पास भेज देंगे। डीएम चाहेंगे तो तीनों लाइसेंस निरस्त कर देंगे। इस बाबत सदर कोतवाल विजय नारायण प्रसाद का कहना है कि सुभाष जायसवाल के परिवार में तीन लाइसेंसी असलहे हैं। सभी को निरस्त करने के लिए फाइल तैयार कर एसपी के पास भेजी गई है। आगे की कार्रवाई उन्हीं के स्तर से होगी।