देवरिया। घर से नाराज होकर निकले एक सेल्समैन ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। घटना शनिवार की रात की है। बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराने मां कोतवाली पहुंची तो उसे जानकारी हुई। रो-रोकर उनका बुरा हाल हो गया। उमानगर के चटनीगड़ही निवासी संध्या चक्रवर्ती पत्नी स्वर्गीय कंचन चक्रवर्ती किसी कंपनी में काम कर परिवार की जीविका चलाती हैं। उनका बेटा सावन चक्रवर्ती (24) शहर के एक दो पहिया एजेंसी और एक मॉल में सेल्समैन का काम करता था। 16 मार्च को किसी बात को लेकर मां संध्या से सावन का विवाद हो गया। नाराज होकर वह घर से निकल गया। परिवारवालों को इसकी भनक नहीं थी कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा। घर से निकलने के बाद सावन सकरापार रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचा और रात में किसी ट्रेन से कटकर जान दे दी। पुलिस ने शव को लावारिस में दाखिल कर दिया। सोमवार को मां संध्या चक्रवर्ती बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचीं। बेटे के मौत की जानकारी हुई तो दहाड़ मारकर रोने लगीं। सदर कोतवाल यादवेंद्र बहादुर पाल ने बताया कि सावन ने ट्रेन से कटकर जान दी है।
10 साल पहले हादसे में पति की हुई थी मौत
विपत्ति संध्या का पीछा नहीं छोड़ रही है। 10 साल पहले एक्सीडेंट में पति की मौत हो गई थी। अभी वह इस सदमे से उबर रही थी कि जवान बेटे ने ट्रेन से कटकर जान दे दी। भाई की मौत से बहन सृष्टि बदहवाश हो गई। परिवार का एकमात्र सहारा उनसे छीन गया था। मां संध्या और बेटी सृष्टि कह रही थीं कि अब किसके सहारे रहेंगे।