पैकौली। सदर कोतवाली के सरौरा चौराहे पर सोमवार की रात इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल की दुकान में अज्ञात कारण से आग लग गई। नकदी समेत डेढ़ लाख रुपये से अधिक का सामान जल गया। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सरौरा गांव के अखिलेश्वर कुशवाहा की चौराहे पर इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल की दुकान है। सोमवार की रात को वह दुकान बंद कर घर चले गए। रात के किसी समय दुकान में आग लग गई। सुबह जब लोग चौराहे की तरफ टहलने गए तो देखा की दुकान से धुंआ निकल रहा है। सूचना पर अखिलेश्वर मौके पर पहुंचे। उन्होंने शटर उठाया तो उसमें रखा सारा सामान जल गया था। अखिलेश्वर का आरोप है कि किसी ने दुकान में आग लगाई है। उसने बताया कि 29 हजार रुपये नकद, 10 हजार रुपये कीमत का रिचार्ज, छह पीस मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान जल गए हैं। कीमत डेढ़ लाख रुपये से अधिक है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने छानबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका है।