सलेमपुर। सलेमपुर-मझौलीराज मार्ग पर शनिवार दोपहर भगड़ा भवानी के पास तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद कार सवार वाहन लेकर भाग गया।
भाटपाररानी के मालीबारी गांव निवासी सुलतान अहमद अंसारी (54 ) शनिवार को पत्नी राबिया व बेटी साबिया के साथ दवा लेने सलेमपुर आ रहे थे। बेटी-पत्नी को आटो में बैठा कर खुद साइकिल से चले। मझौलीराज के भगड़ा भवानी मंदिर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी साइकिल से टकरा गई। उनके गिरते ही चालक कार ले भागा। सूूचना पर आई मझौलीराज चौकी की पुलिस ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। चौकी प्रभारी श्यामलाल निषाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पत्नी राबिया खातून व बेटी साबिया खातून का रो-रो कर बुरा हाल था।