एक्सरे टेक्निशियन से मारपीट, एक घंटे काम ठप
मची भगदड़, बिना कतार में लगे एक्सरे कराने के लिए हुआ विवाद
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। एक्सरे कक्ष में मारपीट होने से भगदड़ मच गई। मामला बढ़ता देख विवाद करने वाला युवक भाग गया। इसकी वजह से करीब एक घंटे तक कार्य ठप रहा। बाद में होमगार्डों के पहुंचने पर फिर से कार्य शुरू हुआ।
जिला अस्पताल के एक्सरे कक्ष में सोमवार को भीड़ थी। एक्सरे कराने के लिए कतार में लोग लगे थे। दोपहर में करीब 12 बजे एक युवक पहुंचा और कतार तोड़ते हुए एक्सरे कराने के लिए दबाव बनाने लगा। पहले से कतारबद्ध लोग विरोध करने लगे। कर्मचारियों ने एक्सरे करने से मना किया तो युवक भड़क गया। एक्सरे टेक्निशियन के साथ विवाद कर लिया। मारपीट होने से एक्सरे कक्ष में कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। कर्मचारियों ने युवक को पकड़कर एक कमरे में बंद किया, लेकिन कुछ देर बाद वह मौका पाकर भाग निकला। विवाद की सूचना पर पहुंचे होमगार्डों ने लोगों को कक्ष से बाहर निकला। करीब एक घंटे बाद दोबारा एक्सरे कार्य शुरू हुआ। इस बाबत सीएमएस डॉ. छोटेलाल ने बताया कि बेवजह एक युवक टेक्निशियन के साथ मारपीट कर भाग गया।