पंचायत के दौरान ईंट गाड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। ईंट-पत्थर, लाठी-डंडे और फावड़ा चलने से दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पंचायत करने पहुंचे लोग जान बचाकर मौके से भागे। यूपी 100 को दी गई सूचना पर इंस्पेक्टर भी फोर्स के साथ पहुंचे। मौके पर मौजूद धारदार हथियारों को पुलिस ने कब्जे में लिया। एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने के कारण मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
बघौचघाट थानाक्षेत्र के बिरवलपट्टी गांव में रविवार की सुबह रमेश शर्मा और गणेश शर्मा के बीच पंचायत बुलाई गई थी। दोनों के बीच दरवाजे की सहन को लेकर विवाद चल रहा है। पंचायत ने बंटवारा तय कर दिया और दोनों पक्षों के लोग राजी हो गए थे। इसी दौरान जब ईंट गाड़ने की बारी आई तो दोनों के बीच तकरार होने लगी। दोनों पक्षों के बीच पहले पथराव हुआ। फिर लाठी-डंडा, फावड़ा और भाला चलने लगा। फावड़े से किसी ने गणेश शर्मा के सिर पर हमला कर दिया। वह जमीन पर गिर गया। विवाद में गणेश के पक्ष से रामसागर, बाची देवी, छोटी, मनसा और सतना घायल हो गईं। वहीं, दूसरी ओर रमेश, वीरेंद्र, अवधेश, मनोज घायल हो गए। विवाद के बाद पंचायत कर रहे लोग जान बचाकर भाग निकले। कोई बचाव करने नहीं आया। खून-खराबे से सड़क लाल हो गई। विवाद में अधिकांश लोगों के सिर फट गए। सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर नेहरू ने मौके से लाठी-डंडा, फवड़ा और भाला बरामद किया। घायल को पीएचसी पर भर्ती कराया गया। गणेश की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर ने कहा कि जमकर मारपीट हुई है। किसी ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी।