- पांडेचक विद्युत उपकेंद्र से जुड़े रुस्तमपुर फीडर की हालत खराब
रामपुर कारखाना। पांडेचक विद्युत उपकेंद्र से जुड़े रुस्तमपुर फीडर के उपभोक्ता इन दिनों भीषण परेशानी झेल रहे हैं। क्षेत्र में लगातार लो वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति से लोग परेशान हैं।
प्रधान प्रतिनिधि अजय सिंह, मुरलीधर निषाद व संजय श्रीवास्तव, नितेश श्रीवास्तव, इकबाल अहमद ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है, जिससे घरेलू उपकरण भी प्रभावित हो रहे हैं।
उपभोक्ताओं का कहना है कि दिनभर में महज पांच से छह घंटे ही बिजली मिल पा रही है। हालात ऐसे हैं कि घरों में लगे स्टेबलाइजर तक सही ढंग से काम नहीं कर रहे हैं। लो वोल्टेज के कारण पानी का मोटर नहीं चल रहा है, इससे पानी का संकट गहराता जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि गेहूं की फसल को देखते हुए पहले से ही दिन में कटौती की जा रही है। इसके बावजूद शाम 10 बजे से सुबह 6 बजे तक भी आपूर्ति बाधित रहती है। वहीं रात में हर एक घंटे पर बिजली काटे जाने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
इस संबंध में विद्युत उपकेंद्र पांडेयचक के अवर अभियंता अखिलेश गुप्ता ने बताया की दिनभर बिजली कटौती के कारण शाम को सप्लाई चालू होते ही लोड बढ़ जा रहा है। इसके चलते लो वोल्टेज हो जा रहा है। एक हफ्ते बाद ही सही हो सकेगा।