रुद्रपुर। क्षेत्र के माझा नरायनपुर बूथ पर एसआईआर ड्यूटी में लगी बीएलओ रंजू देवी की मौत के बाद कांग्रेस ने मतदाता सूची के प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य की प्रक्रिया पर सवाल उठाया है।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल मृतक बीएलओ, शिक्षामित्र रंजू देवी के परिवार से मिलने मठिया पांडेय गांव जाएगा।
क्षेत्र के मठिया पांडेय प्राथमिक विद्यालय पर कार्यरत शिक्षामित्र रंजू देवी माझा नरायन बूथ नंबर सात पर बीएलओ थीं। मंगलवार की देर रात हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि एसआईआर कार्य को लेकर बीएलओ पर अधिक दबाव बनाया जा रहा है।
मानसिक दबाव के कारण पूरे प्रदेश में बीएलओ के दायित्व में लगे कर्मियों की हालत बिगड़ती जा रही है। प्रदेश में कई बीएलओ दबाव के कारण आत्महत्या कर चुके हैं। कई महीनों में होने वाले कार्य को कम समय में जबरदस्ती कराया जा रहा है। बीएलओ रंजू देवी के परिवार को प्रशासन आर्थिक मदद देते हुए परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।