राशन वितरण में घटतौली की शिकायत लेकर कलक्ट्रेट में डीएम से मिलने पहुंचे कोटेदार संगठन के पदाधिकारियों और ठेकेदारों में बृहस्पतिवार की शाम को झड़प हो गई। कोटेदारों ने ठेकेदारों की तरफ से खौलती चाय फेंकने का आरोप लगाकर नाराजगी जाहिर की। कलेक्ट्रेट परिसर में ही गाली-गलौज शुरू हो गई। नौबत हाथापाईं तक आ गई।
फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की देवरिया इकाई के जिलाध्यक्ष विश्वजीत मणि त्रिपाठी ने बताया कि आपूर्ति विभाग, विपणन, ठेकेदार और कोटेदार संगठन को बैठक के लिए बृहस्पतिवार की शाम 5:30 बजे डीएम ने बुलाया था। उन्होंने एक घंटे बाद बैठक करने की जानकारी दी। इसके पहले बीते पांच तारीख को बैठक होनी थी, लेकिन वह स्थगित हो गई थी।
उनका कहना था कि बृहस्पतिवार की शाम को वह संगठन के साथी कोटेदारों के साथ बैठकर डीएम के आने का इंतजार कर रहे थे। तभी ठेकेदारों का पांच-छह लोगों का ग्रुप आया और कमीशन की बात को लेकर कहासुनी करने लगा। उसी दौरान एक व्यक्ति ने बगल की दुकान से खौलती चाय फेंक दी। इससे दो-तीन कोटेदार झुलस गए। इसके बाद विवाद बढ़ गया। उनके बीच झड़प के बाद हाथापाई की नौबत आ गई।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि 12 को डीएम से मिलकर इस घटना से अवगत कराएंगे। इस घटना से ज्वाइंट कमिश्नर गोरखपुर को अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि राशन उठान का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया है।