भवानीगंज(सिद्धार्थनगर)। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के महुई खुर्द गांव में शनिवार रात अलाव ताप रहे शिव पूजन (60) और उनका पोता मयंक गुप्ता (7) झुलस गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए बेंवा सीएचसी ले गए, जहां मयंक को पहले जिला अस्पताल और फिर लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ पहुंचते ही मयंक ने दम तोड़ दिया।
वहीं, शिवपूजन का बेंवा सीएचसी में इलाज चल रहा है। बालक की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात महुई खुर्द निवासी पूजन गुप्ता (60) अपने पीते मयंक गुप्ता (7) पुत्र मनोज कुमार के साथ अलाव ताप रहे थे। बताया जा रहा है कि इस बीच अचानक आग भड़क गई और तेज लपटे निकलने लगीं। पूजन गुप्ता कुछ समझ नहीं पाए। इसी बीच मयंक को आग ने अपनी चपेट में लिया और दादा पूजन का पैर में भी इसकी जद में आ गया।
पूजन पोते मयंक को आग से बचाने लगे। शोर सुनकर लोग घर से बाहर निकले और उन्होंने पूजन और मयंक को किसी तरह वहां से निकाला। इस हादसे में मयंक गंभीर रूप से झुलस गया।
घर और गांव के लोग बेंवा सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए मयंक को बस्ती जिला अस्पताल रेफर कर दिया, वहां पहुंचने पर इलाज शुरू हुआ, लेकिन भोर में उसे लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया। लखनऊ पहुंचते ही मयंक ने दम तोड़ दिया। दादा पूजन का इलाज अभी चल रहा है। बच्चे का शव गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया।