तहसील में आग लगने से अधिवक्ताओं की कुर्सी, मेज जले
रुद्रपुर। तहसील परिसर में मंगलवार की रात आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग की चपेट में आने से अधिवक्ताओं का कुर्सी, मेज आदि जलकर नष्ट हो गया। मामले में वकील ने एक युवक पर जानबूझ कर आग लगाने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
मंगलवार की शाम को तहसील का काम काज समाप्त होने के बाद लोग अपने घर को चले गए। रात करीब दस बजे एक अधिवक्ता के बैठने के स्थान पर रखी कुर्सी, मेज जलने लगे। आग की लपटों को देख चौकीदार शोर करने लगा। लोग एकत्र हुए तब तक दो अधिवक्ताओं के बैठने की जगह पर रखा सारा सामान जल गया। लोगों के प्रयास से आग को बुझाया जा सका। अधिवक्ता अक्षय कुमार सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। वहीं बुधवार की सुबह वकीलों ने आग लगने की घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने पुलिस से जांच कर कार्रवाई की मांग की।