बीआरसी में लगी आग से अभिलेख जले
भाटपाररानी। नगर के बीचोबीच स्थित बीआरसी भवन के पिछले हिस्से में मंगलवार को अज्ञात कारणों से आग लग गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दमकल की सहायता से आग बुझाई। कई अभिलेख जल गए हैं। कुछ देर में बीएसए, बीईओ व कई अध्यापक पहुंचे और जले अभिलेखों की जांच की।
करीब दस बजे बीआरसी के एक कमरे से धुआं उठते देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष संतोष कुमार पुलिस बल व दमकल के साथ मौके पर पहुंचे और खिड़कियों से पानी की बौछार कर आग बुझाई। प्रभारी बीईओ व्यास देव ने बताया कि बीआरसी के पिछले हिस्से में किचन है, वहीं के एक कमरे में आग लगी थी। पुराने वेतन अभिलेख, अनुदेशक नवीनीकरण प्रपत्र, आय व्यय गणना प्रपत्र समेत महत्वपूर्ण अभिलेख जल गए हैं। आग लगने का कारण नहीं मालूम हो पाया है। घटना की जांच की जाएगी।