स्वीकृत मानचित्र के विपरीत भवन निर्माण पर 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
देवरिया। स्वीकृत मानचित्र के विपरीत व बिना नक्शा पास कराए भवन निर्माण कराने वालों पर गाज गिर रही है। नियत प्राधिकारी विनियमित क्षेत्र एसडीएम सदर ने सोमवार को 15 भवन स्वामियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसमें आठ शॉपिंग कांप्लेक्स के मालिक हैं। इससे पूर्व एक सप्ताह पहले 27 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
विनियमित क्षेत्र में नगर पालिका समेत आसपास के 73 गांव शामिल हैं। यहां भवन बनाने से पहले नियत प्राधिकारी कार्यालय से नक्शा पास कराने का नियम है। लेकिन ज्यादातर लोग या तो बिना नक्शा पास कराए भवन बना लेते हैं या फिर नक्शा के अनुकूल भवन निर्माण नहीं कराते। विकास शुल्क की क्षति रोकने व मास्टर प्लान के विपरीत हो रहे भवन निर्माण पर अंकुश लगाने के लिए एसडीएम ने विनियमित क्षेत्र का सर्वे शुरू कराया है। सर्वे के लिए मानचित्रकार और इंजीनियरों की अलग-अलग टीम गठित की गई है। टीम प्रतिदिन क्षेत्र में जाकर भवनों का सर्वे कर रही है। बिना मानचित्र स्वीकृत कराए व मानचित्र के विपरीत हो रहे भवन निर्माण की सूचना संकलित कर नियत प्राधिकारी कार्यालय को दे रहे हैं। यहां से भवन स्वामियों को नोटिस भेजा जा रहा है। एसडीएम सदर सौरभ सिंह ने बताया कि स्वीकृत मानचित्र के विपरीत व बिना मानचित्र स्वीकृत कराए भवन बनाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। सोमवार को 15 भवन स्वामियों को नोटिस दिया गया है।