बिना अनुमति के भाजपा का पोस्टर लगाने पर मुकदमा दर्ज
देवरिया। सदर कोतवाली में दो जगहों पर बिना अनुमति के भाजपा का पोस्टर लगाने पर पुलिस ने प्रकाशक सहित तीन लोगों पर आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई जेल चौकी प्रभारी की तहरीर पर की है।
जेल चौकी के प्रभारी महेंद्र चतुर्वेदी ने तहरीर में कहा है कि जिला कारागार के बोर्ड और सोनूघाट चौराहे पर बिना अनुमति के भाजपा का पोस्टर लगाया गया है। यह आचार संहिता का उल्लंघन है। इस मामले में प्रकाशक उदय पब्लिसिटी और दो अज्ञात के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज किया है। कोतवाल अनुज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस की टीम प्रचार-प्रसार करने वाले पर नजर रख रही है। बिना परमिशन के पोस्टर, बैनर लगाना गलत है। ऐसे लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।