बरातियों से भरी कार ट्रक में घुसी, एक की मौत, चार घायल
सलेमपुर। शादी समारोह से लौटते समय रामजानकी मार्ग पर गुठनी के समीप तेनुआ मोड़ पर रविवार भोर में बरातियों से भरी कार सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक में पीछे से घुस गई। कार में सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसमें सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तीन का निजी अस्पताल में इलाज कराया गया, लेकिन आठ वर्षीय एक बालक की हालत गंभीर होने के चलते पटना पहुंचाया गया। बालक की भी हालत नाजुक बताई जा रही है। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रविवार को भोर में शव को लेकर घर चले आए।
कोतवाली थाना क्षेत्र के नवलपुर गांव निवासी व मोहम्मद हुसैन इंटर कॉलेज के प्रबंधक शमशाद आजम उर्फ मुन्ना बाबू के साढ़ूू के बेटे वसीम की शनिवार को शादी थी। बरात नवलपुर से निजी साधन से छपरा गई थी। शादी की रस्म के बाद तकरीबन 2:30 बजे बराती घर लौट रहे थे। राम जानकी मार्गी पर गुठनी के समीप तेनुआ मोड़ पर कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में जा घुसी, जिससे कार में सवार मोहम्मद हारीश (20) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हारीश अंसारी दो भाइयों में बड़ा था। वह लखनऊ में रहकर बीकॉम प्रथम वर्ष में पढ़ाई करता था। वह शादी समारोह में शामिल होने के लिए दो दिन पूर्व घर आया था। उधर कार में सवार मृतक की बहन अफसाना खातून (24), आयशा खातून (13) पुत्री शमशाद आजम उर्फ मुन्ना बाबू, हुमैद (8) पुत्र शादा कमर व कार चला रहा साद (20) घायल हो गए। हादसा के बाद पीछे से दूसरे वाहन में आ रहे परिवार के लोगों ने क्षतिग्रस्त कार का फाटक तोड़कर हारीश को बाहर निकाला तो उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने घायलों को आनन फानन एक निजी चिकित्सालय में पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने हुमैद की हालत गंभीर देख रेफर कर दिया। वहीं मामूली रूप से घायलों को घर भेज दी। परिजनों ने हुमैद को पटना पहुंचाया, जहां इलाज चल रहा है। हादसे के बाद जश्न का माहौल गम में बदल गया। दावत-ए- वलीमा के समय जब युवक का जनाजा निकला तो सबका कलेजा दहल उठा।
हादसे के बाद नवलपुर चौराहे की दुकानें शोक में बंद रहीं
सलेमपुर। नवलपुर चौराहे की अधिकांश दुकानें शमशाद आजम उर्फ मुन्ना बाबू के परिवार की भूमि में हैं। रविवार की सुबह हादसा की जानकारी मिलते ही सभी दुकानदार दुकानों का शटर गिराकर शोक सभा आयोजित किए। उसके बाद एक दिन के लिए बाजार बंद कर दिया गया।