संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। विधायक निधि से 2019 में धन स्वीकृत के बाद पुलिस ने सलेमपुर तहसील क्षेत्र व भागलपुर पुल के पर 25 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। इनमेंं 20 से अधिक कैमरे खराब हो गए हैं।
ऐसे में निगहबानी नहीं हो पा रही है। वारदात की जांच के लिए पुलिस को दुकानदारों का कैमरा खंगालना पड़ रहा है। सलेमपुर के पूर्व विधायक काली प्रसाद के मुताबिक, अपनी निधि से तत्कालीन एसपी श्रीपति मिश्रा को 25 सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए धनराशि दी थी। पुलिस अपने अनुसार लोकेशन चेक करने के बाद लार कस्बा चौकी, मुख्य बाजार तिराहा, मेहरौना चेकपोस्ट, पिंडी चौराहा, पिपरा चौराहा, चनुकी मोड़ रामनगर के मटियारा मोड़, सहजौर चौराहा पर कैमरे लगवाए थे।
इसके कंट्रोल की जिम्मेदारी कस्बा चौकी प्रभारी रहे प्रमोद सिंह को सौंपी गई थी। कैमरे से मोबाइल को कनेक्ट कर पुलिस प- पल की गतिविधियां देख रही थी। समय रहते संदिग्धों की पहचान करने में मदद मिलती थी। फुटेज निकाल वारदात की तह तक जल्दी पहुंच जाती थी। जाम की स्थिति उत्पन्न होते ही फुटेज देख पुलिस मौके पर पहुंच जाम खत्म करा देती थी।
सूत्रों की मानें तो एक साल से अधिक समय से लार क्षेत्र में लगे कैमरे रखरखाव के अभाव में खराब हो गए हैं। जिन जगहों पर लगाया गया है वहां किसी कैमरे का लेंस नीचे तो किसी का विपरीत दिशा में हो गया है। जबकि पुलिस दूसरों को कैमरा लगवाने की नसीहत देती रहती है।
इधर इन जगहों की आपराधिक गतिविधियां कैद नहीं हो पा रही है।