ट्रक की चपेट से व्यवसायी की मौत
देवरिया-गोरखपुर ओवरब्रिज पर सोमवार की देर रात हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। देवरिया-गोरखपुर ओवरब्रिज पर सोमवार की देर रात ट्रक की चपेट में आने से एक व्यवसायी गंभीर रूप से घायल हो गया। गोरखपुर से देवरिया आ रहे एक एसओ ने घायलावस्था में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के छोटी बभनी गांव निवासी बृजेश चौरसिया (44) पुत्र वासुदेव चौरसिया पान मसाला के थोक व्यवसायी थे। उनकी रेलवे स्टेशन रोड पर दुकान है। सोमवार की रात दुकान बंद करने के बाद वह बाइक से घर जा रहे थे। अभी वह देवरिया गोरखपुर ओवरब्रिज पर पहुंचे थे कि इसी बीच ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। गोरखपुर जनपद से देवरिया आ रहे एक एसओ ने उन्हें गंभीरावस्था में घायल देख कर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे। व्यवसायी की चार संतानों में तीन पुत्री शालिनी, जैसमिन, प्रिया व एक पुत्र प्रशांत है। अभी किसी की शादी नहीं हुई है। पत्नी उषा चौरसिया का रो-रोकर बुरा हाल था।