तरकुलवा। हादसे मृत जवान की फाइल फोटो
तरकुलवा। देवरिया-कसया मार्ग पर रतनपुरा गांव के सामने शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में बीएसएफ जवान की मौत हो गई, जबकि दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरकुलवा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया।
थाना क्षेत्र के ग्राम रतनपुरा निवासी रामप्रताप यादव (29) पुत्र लालसा यादव सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में जवान के पद पर तैनात थे। वे होली के पर्व में छुट्टी पर घर आए थे। राम प्रताप शनिवार सुबह 11 बजे के करीब बाइक से कंचनपुर चौराहे पर जा रहे थे। अभी वह गांव के सामने मेन सड़क पर पहुंचे थे कि एक बाइक पर पत्नी अनीता देवी (32) को लेकर देवरिया की ओर जा रहे चौरा थाना क्षेत्र के भठवां गांव निवासी अंगद प्रसाद (35) की बाइक से आमने-सामने की टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि इलाज के दौरान बीएसएफ जवान की मौत हो गई। दंपती को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है।