तरकुलवा। थाना क्षेत्र के मुंडेरा बाबू गांव में बुधवार की रात चोरों ने बंद पड़े मकान को निशाना बनाया। खिड़की का दरवाजा तोड़ घर में घुसे चोर दो सीसी टीवी कैमरा, कपड़े व हजारों के सामान लेकर चंपत हो गए। गृह स्वामी को घटना की सूचना सुबह हुई। उन्होंने इसकी सूचना डॉयल 112 पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच-पड़ताल की।
मुंडेरा बाबू गांव के रहने वाले विष्णु शाही परिवार सहित अपनी छावनी पिपरही में रहते हैं। उनके मुंडेरा बाबू स्थित मकान पर अक्सर ताला बंद रहता है, यहां वे कभी-कभार आते हैं। बृहस्पतिवार की रात को चोर घर को सुनसान देख पीछे खिड़की का फाटक तोड़कर भीतर दाखिल हो गए। घर में लगे दो अदद सीसी टीवी कैमरे को चंपत करने के बाद चोरों ने इत्मीनान से दो कमरों के जंगलों का ग्रील तोड़ा और भीतर रखे चार बक्सों को बारी-बारी तोड़कर उसमें रखे रखे कपड़े व अन्य रोजमर्रा के समान उड़ा लिया। गृह स्वामी बृहस्पतिवार सुबह जब छावनी से घर आए तो भीतर का नजारा देख वे दंग रह गए। उन्होंने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय ने कहा कि तहरीर मिली है। गढ़रामपुर चौकी इंचार्ज व पुलिस की टीम मौके पर गई थी। जल्दी ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।