देसहीदेवरिया। महुआडीह थाना क्षेत्र के भूड़ीपाकड़ गांव में सोमवार की सुबह एक युवक का शव झाड़ियों में पड़ा मिला। इससे सनसनी फैल गई। शव की पहचान अमारी झांगा गांव निवासी 36 वर्षीय रामसनेही प्रजापति के रूप में हुई। वह अधिकतर ससुराल भूड़ीपाकड़ में रहता था। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को निकलवाया।
पुलिस के अनुसार, शव चार दिन पुराना हो सकता है। उसका एक हाथ जानवर नोंच ले गए थे। शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं हैं। इससे मौत की वजह फिलहाल रहस्य बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, रामसनेही प्रजापति एक अगस्त को ससुराल आया था, उसी शाम से अचानक लापता हो गया था। ससुराल वालों ने खोजबीन की, मगर वह नहीं मिल।
सोमवार सुबह गांव से करीब 50 मीटर दूर झाड़ियों में एक शव दिखाई दिया। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर एएसपी उत्तरी अरविंद कुमार वर्मा और प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार राय टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की। पुलिस का कहना है कि युवक नशे का आदी था। करीब दो माह पहले नाराज होकर उसने बाइक भी जला दी थी। रामसनेही की पत्नी रंभा देवी, दोनों बेटियां और परिजन शव देख बेसुध हो गए।
ससुराल और मायके पक्ष दोनों में शोक की लहर है। ग्रामीणों के अनुसार, रामसनेही अधिकतर ससुराल में ही रहता थ। परिवार में पहले भी कुछ विवाद की बातें सामने आई थीं। महुआडीह थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। संवाद