खुखुंदू। थाना क्षेत्र के दोहनी चौराहे के समीप रविवार रात में एक बाइक मिस्त्री पर कुछ युवकों ने धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। मिस्त्री को सलेमपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज भेजा गया। मौके पर पहुंची पुलिस को देख हमलावर भाग निकले। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
खुखुंदू क्षेत्र के दोहनी निवासी अजय विश्वकर्मा (25) पुत्र अरविंद विश्वकर्मा ने गांव के चौराहे पर बाइक और बड़े वाहनों का पंक्चर बनाने के साथ धुलाई सेंटर खोल रखा है। चार दिसंबर की रात बरात के दौरान अजय का गांव के ही कुछ युवकों से विवाद हो गया था। आरोप है कि उसी खुन्नस में रविवार की रात अजय पर उस वक्त हमला किया गया, जब वह दुकान बंद कर घर लौट रहा था।
इस मामले में पुलिस ने सोमवार को राजू कुशवाहा, मोनू कुशवाहा, शिवम कुशवाहा, उपेन्द्र कुशवाहा समेत सात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट व बलवा से संबंधित गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर लिया है। एसओ दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।